हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव अल्लीपुर मुगलपुर में एक युवक ने एक ट्रैक्टर चालक पर उसके भाई की साइकिल में टक्कर मारकर गिराने और उसके सिर पर ट्रैक्टर चढ़ाने का आरोप लगाया है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गांव अल्लीपुर मुगलपुर निवासी संदीप कुमार ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि आठ जून को उसका भाई बॉबी अपने दोस्त जितेंद्र के साथ अलग-अलग साइकिल पर सवार होकर गांव भड़ंगपुर गए थे। वहां से लौटने के दौरान गांव होशियारपुर गढ़ी के पास सामने से ट्रैक्टर पर सवार होकर आ रहे गांव होशियारपुर गढ़ी निवासी छोटू उर्फ कमल ने जानबूझकर उसके भाई की साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसका भाई सड़क पर गिर गया और आरोपी ने उसके सिर पर ट्रैक्टर का पहिया चढ़ा दिया। इसके बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और भाई को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में युवक ने कोतवाली में तहरीर दी गई थी।
थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक हेम सिंह सैनी ने बताया कि मामले में ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उसकी तलाश की जा रही है।