हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला पर सोमवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से ट्रैकमैन की मौत हो गई। जीआरपी व बाबूगढ़ पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हरियाणा के रेवाड़ी निवासी राहुल भारद्वाज कुचेसर रोड चौपला पर ट्रैकमैन के पद पर कार्यरत था। सोमवार सुबह रेलवे लाइन की जांच करने के लिए स्टेशन से निकला था। स्टेशन से चंद कदमों की दूरी पर स्थित कुचेसर रोड चौपला फाटक पर पहुंचा तो सीतामढ़ी से आनंद विहार जा रही समर स्पेशल ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर जीआरपी व बाबूगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रेलवे लाइन से हटाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आरपीएफ चौकी इंचार्ज आशीष शर्मा का कहना है कि डयूटी के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से ट्रैकमेन की मौत हो गई। बाबूगढ़ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।