हापुड़। मंडी में टमाटर की आवक कम होने से एक बार फिर से टमाटर के दामों में उछाल आ गया है। हिमाचल से टमाटर की आवक बंद होने से सोमवार को मंडी में मात्र 90 कैरेट की टमाटर पहुंचा। मंडी में 80 रुपये किलो बिकने वाले टमाटर के दाम फिर से 170 रुपये किलो पार पहुंच गए हैं। जबकि कुछ पॉश कालोनियों में ठेले वालों ने एक बार फिर 200 रुपये किलो टमाटर बेचना शुरू कर दिया है।
दस दिन पूर्व बारिश और कांवड़ यात्रा के दौरान मंडी में सब्जियों की आवक कम होने से सब्जियों के दामों में बढ़ोतरी देखने को मिली। इसमें सबसे ज्यादा असर टमाटर के दामों पर दिखाई दिया। आवक कम होने के कारण टमाटर के दाम मंडी में ही 200 रुपये किलो के पार पहुंच गए थे। बारिश का प्रकोप कम होने और कांवड़ यात्रा पूर्ण होने के बाद हिमाचल सहित बाहरी जिलों से टमाटर सहित अन्य सब्जियों की आवक बढ़ने से दामों में गिरावट आई। टमाटर के दाम भी मंडी में 200 रुपये किलो से घटकर 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए। लेकिन अब एक बार फिर से आवक होने के कारण टमाटर के दाम दोगुना हो गए हैं। सोमवार को हापुड़ मंडी में टमाटर की मात्र 90 कैरेट पहुंची। हिमाचल से आपूर्ति पूरी तरह से बंद है। ऐसे में आशंका व्यक्त की जा रही है कि आने वाले दिनों में इसका और बुरा हाल हो सकता है। मांग अधिक और आवक कम होने के कारण मंडी में भी टमाटर 150 रुपये किलो तक बिका। जिसका असर बाजार और गलियों के सब्जी विक्रेताओं पर भी पड़ा। घरों तक पहुंचते हुए टमाटर के दाम 200 रुपये किलो तक हो गए।
आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष बिजेंद्र त्यागी का कहना है कि मंडी में सबसे अधिक टमाटर हिमाचल से आता है, जिसकी आवक बंद हो गई है। आवक कम होने के कारण टमाटर के दामों में काफी उछाल आया है। अगले कुछ दिनों में टमाटर की आपूर्ति और घट सकती है।