गांव पलवाड़ा निवासी उपेंद्र ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि मंगलवार रात वह कार से गढ़ की तरफ आ रहा था। ब्रजघाट टोल प्लाजा पर तकनीकी कारणों से उसकी कार का फास्टैग काम नहीं किया। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि टोल प्रबंधक, टोल लेबर इंचार्ज समेत करीब 15 कर्मचारियों ने उसके साथ मारपीट की और धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता समेत करीब 60 से 70 लोग टोल प्लाजा पर पहुंच गए।
यहां हंगामा करने के बाद लोग कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कोतवाली में भी करीब एक घंटे तक विरोध-प्रदर्शन चलता रहा। पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद कार्यकर्ता वहां से लौट गए। सीओ राहुल यादव ने बताया कि मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।