हापुड़। चीनी के बढ़ते दामों पर लगाम लगाने के लिए तीनों तहसीलों में 12 अधिकारी तैनात किए गए हैं। यह तीन टीमें चीनी के डीलरों, स्टॉकिस्टों, थोक व खुदरा विक्रेताओं के यहां उपलब्ध स्टॉक की नियमित जांच और सत्यापन करेंगे। टीमें दुकानों और गोदामों का सघन निरीक्षण कर चीनी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन करेंगी। अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी होगी।
इस मामले में डीएम कविता मीना ने आदेश जारी किए हैं। तीनों तहसीलों में अलग-अलग एसडीएम को टीम का नेतृत्व सौंपा गया है। इसके अलावा क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, विपणन निरीक्षक/पूर्ति निरीक्षक और कृषि उत्पादन मंडी समिति के सचिव को जिम्मेदारी दी गई है।
नए आदेश के अनुसार, अब चीनी के डीलरों, स्टॉकिस्टों, थोक और खुदरा विक्रेताओं को अपने स्टॉक की स्थिति घोषित करने के साथ उसे नियमित रूप से अपडेट करना अनिवार्य होगा। निरीक्षण के दौरान टीम सबसे पहले संबंधित विक्रेता का खाद्य व सार्वजनिक वितरण विभाग के पोर्टल http//foodstock.dfpd.gov.in पर पंजीकरण और ऑनलाइन घोषित स्टॉक की जानकारी की जांच करेगी। इसके बाद मौके पर उपलब्ध स्टॉक का मिलान किया जाएगा।
प्रशासन का उद्देश्य चीनी के अवैध भंडारण पर रोक लगाने के साथ-साथ बाजार में इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करना है। जिले में टीमें गठित कर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
- संदीप कुमार, एडीएम