गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव पावटी में बृहस्पतिवार रात रास्ते किनारे जंगल में तीन तेंदुए दिखाई देने का दावा किया गया। ग्रामीण विशाल सिंधु ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ कार से गढ़मुक्तेश्वर से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में जंगल की ओर तीन तेंदुए दिखाई दिए। कार की रोशनी पड़ते ही तीनों तेंदुए जंगल की तरफ चले गए। ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
विशाल सिंधु का कहना है कि पावटी और आसपास के क्षेत्र में पहले भी तेंदुआ दिखाई देने की घटनाएं सामने आती रही हैं। बृहस्पतिवार रात एक साथ तीन तेंदुए दिखाई देने के दावे के बाद ग्रामीणों में फिर से वन्यजीव को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देकर क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। हालांकि, समाचार पत्र वायरल वीडियो और फोटो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
वन क्षेत्राधिकारी करन सिंह ने बताया कि टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वीडियो पावटी क्षेत्र का ही है या नहीं। इससे पहले सिंभावली क्षेत्र में भी एक साथ पांच तेंदुए दिखाई देने का दावा करते हुए वीडियो वायरल किया गया था। जांच में वह वीडियो फर्जी निकला था। वन विभाग का कहना है कि इस मामले में भी तथ्यों की गंभीरता से जांच कर सच्चाई सामने लाई जाएगी और यदि तेंदुओं की मौजूदगी की पुष्टि होती है तो आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।