हापुड़। शहर के मार्गों पर रंगीन फव्वारों का निर्माण होगा। इससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी। डीएम के निरीक्षण के बाद पालिका ने दिल्ली, गढ़ और बुलंदशहर रोड पर जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। लगभग 45 लाख रुपये से इनका निर्माण होगा। इसके साथ पालिका परिसर में बने पुराने रंगीन फव्वारे की भी मरम्मत होगी।
पिछले माह डीएम अभिषेक पांडेय ने रात्रि में सड़कों का निरीक्षण किया था। इस दौरान पालिका के अधिकारियों को शहर की प्रत्येक एंट्री को सुंदर और आकर्षित बनाने के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही मुख्य मार्गों पर प्रतिदिन साफ-सफाई कराने के लिए कहा था।
डीएम के आदेश के बाद नगर पालिका के निर्माण विभाग के अधिकारी दिल्ली रोड पर एसएसवी कॉलेज के पास, बुलंदशहर रोड व गढ़ रोड पर गोल चक्कर के पास सड़क के बीच और साइड में भूमि की तलाश कर रहे हैं। प्रत्येक रंगीन फव्वारे के निर्माण पर करीब 15 लाख रुपये खर्च करने की तैयारी है। इन रंगीन-फव्वारों के आसपास स्वच्छ भारत मिशन के स्लोगन आदि लिखे जाएंगे, जो लोगों को जागरूक करेंगे।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा का कहना है कि जिलाधिकारी के निरीक्षण के बाद शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए रंगीन फव्वारे और पीपीपी मॉडल पर चौराहों को विकसित किया जाएगा। मूलभूत सुविधाओं से अलग भी कुछ अच्छा करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
पीपीपी मॉडल पर चौराहे होंगे विकसित
पालिका द्वारा शहर के अतरपुरा चौपला, तहसील चौपला, मेरठ रोड तिराहे और फ्री गंज रोड तिराहे को पीपीपी मॉडल पर विकसित करने की तैयारी है। इसके लिए पूर्व में टेंडर भी निकाले गए थे, इसमें मेरठ रोड तिराहे को विकसित करने के लिए प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।