संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती को पड़ोसी गांव का युवक शारीरिक संबंध न बनाने पर तेजाब डालकर सूरत बदसूरत करने की धमकी दी है। लड़के पक्ष के यहां पहुंंचकर आरोपी ने युवती को बदनाम कर 30 नवंबर को होने वाला उसका रिश्ता भी तोड़वा दिया। युवती के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि पड़ोसी गांव का रहने वाला सुनील काफी समय से उनकी बेटी पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाता आ रहा है। ऐसा न करने पर आरोपी तेजाब डालकर उनकी बेटी की सूरत को बदसूरत करने की धमकी दे रहा है। इतना ही नहीं आरोपी ने उनकी बेटी को कहीं दूसरी जगह शादी करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी की धमकी से परेशान होकर उनकी पुत्री ने आपबीती उन्हें बताई। इस पर उन्होंने उसकी शादी तय कर दी। शादी की जानकारी होने पर सुनील ने लड़के पक्ष के यहां पहुंचकर उनकी बेटी को बदनाम कर उसका रिश्ता तोड़वा दिया।
अब उन्होंने अपनी बेटी की शादी दूसरी जगह तय की है। आगामी 30 नवंबर को शादी होनी है। इसके बाद भी आरोपी लगातार उन्हें व उनकी बेटी को यह शादी न होने की धमकी दे रहा है। आरोपी शादी समारोह में दूल्हे के सामने उनकी बेटी को बदनाम करने की भी धमकी दे रहा है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।