भाद्रपद अमावस्या पर गंगा स्नान करते श्रद्धालु। संवाद
ब्रजघाट। भाद्रपद माह की अमावस्या पर शुक्रवार को ब्रजघाट समेत कार्तिक पूर्णिमा मेला स्थल के लठीरा घाट और गांव पुष्पावती पूठ के गंगा तट पर हजारों श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने ब्रह्म मुहूर्त से ही मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। इस दौरान गंगा तट हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयकारों से गूंजते रहे।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा समेत आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से गंगा भक्तों का आगमन बृहस्पतिवार देर शाम से ही गंगानगरी में शुरू हो गया था। पं. मनोज तिवारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह ब्रह्म मुहूर्त में स्नान का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर बैठे पुरोहितों से पूजा-अर्चना कराई। कई श्रद्धालुओं ने पितरों की आत्मशांति के लिए तर्पण कराया और हवन में आहुतियां दीं।
श्रद्धालुओं ने नगर के नक्का कुआं मंदिर, गंगा मंदिर, ब्रजघाट स्थित वेदांत मंदिर, अमृत परिसर, हनुमान मंदिर समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। अमावस्या के चलते गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। स्नान के दौरान गंगा सभा आरती समिति के पदाधिकारी और पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को गहरे पानी में नहीं जाने की लगातार हिदायत देते रहे। सुरक्षा के मद्देनजर घाटों पर निगरानी भी रखी गई। पालिका ईओ पवित्रा त्रिपाठी ने बताया कि स्नान सकुशल संपन्न हो गया। मौके पर टीम द्वारा सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराई जा रही है।