शनिवार को एसएसवी कॉलेज में दाखिला लेने के लिए फार्म जमा करती छात्राएं। संवाद
हापुड़। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) से संबद्ध जिले के डिग्री कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए तीसरी मेरिट तैयार होगी। 26 अगस्त तक वरियता सूची बनाने के कॉलेजों को आदेश मिले हैं। ऐसे में ओपन मेरिट का इंतजार कर रहे छात्रों की समस्या बढ़ गई है। वहीं, परास्नातक कोर्सों में प्रवेश भी अब 27 अगस्त से ही शुरू होंगे।
सीसीएसयू के आदेश पर कॉलेजों ने समर्थ पोर्टल पर दो मेरिट तैयार की गई। इनके सापेक्ष सीटों पर प्रवेश दिए गए। कॉलेजों में 70 फीसदी से अधिक सीटें दो मेरिट में भर चुकी हैं। बीएससी बॉयो और गणित की मेरिट सबसे ऊंचे अंकों पर लगी हैं।
ऐसे में अभ्यर्थियों को उम्मीद थी कि अब तीसरी मेरिट नहीं आएगी बल्कि ओपन मेरिट आएगी। जिन छात्रों का पहली और दूसरी मेरिट में नाम आ गया और उन्होंने प्रवेश नहीं लिया वह भी ओपन मेरिट का इंतजार कर रहे थे। अब सीसीएसयू ने तीसरी मेरिट बनाने के आदेश दिए हैं।
25 और 26 अगस्त तक कॉलेज तीसरी मेरिट तैयार करेंगे। इसके बाद 27 और 28 अगस्त को चयनित छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। वहीं, परास्नातक कोर्सों में प्रवेश के लिए कॉलेजों को पहले 25 अगस्त तक मेरिट तैयार करने के निर्देश दिए गए थे लेकिन अब इसमें एक दिन बढ़ा दिया गया है। कॉलेज 26 अगस्त तक मेरिट बनाएंगे। इसके बाद 27 से 29 अगस्त तक प्रवेश दिए जाएंगे।
-
-एसएसवी कॉलेज में सीटों पर प्रवेश की स्थिति-
कोर्स भरी सीटें
बीए 316
बीकॉम 179
बीएससी बॉयो 36
बीएससी गणित 86
बीबीए 29
बीसीए 31
(नोट:एकेपी पीजी कॉलेज में बीए में 211 और बीकॉम में 17 छात्राओं ने प्रवेश लिया है।)
Iस्नातक कोर्सों में प्रवेश के लिए तीसरी मेरिट तैयार की जा रही है। 27 अगस्त से यूजी की तीसरी और पीजी की पहली मेरिट में चयनित छात्रों के एडमिशन होंगे। इसकी तैयारी पूरी की जा रही है।प्रो.नवीन चंद्र, प्राचार्य एसएसवी पीजी कॉलेज।I