हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के अतरपुरा चौकी के कुछ ही दूरी पर गढ़ रोड स्थित दो हेलमेट की दुकानों में कूमल कर चोर यहां से लाखों रुपये की नकदी व चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने यहां स्थित अन्य दो दुकानों में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। सोमवार की सुबह दुकानों पर पहुंचने पर दुकानदारों को चोरी की जानकारी हुई।
गढ़ रोड पर अतरपुरा चौकी से कुछ दूरी पर खुर्जा पेज के बाहर लक्की गुप्ता व चंद्रशेखर की दो हेलमेट की दुकानें हैं। रविवार रात दोनों अपनी-अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे। देर रात चोरों ने दोनों दुकानों में कूमल किया और अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद चोरों ने लक्की गुप्ता की दुकान में रखी ढाई लाख रुपये की नकदी व करीब 30 चांदी के सिक्के चोरी कर लिए। इसके बाद चोरों ने चंद्रशेखर की दुकान से दस हजार रुपये की नकदी व दस चांदी के सिक्के चोर चोरी किए। इन दो दुकानों के पास में ही स्थित एक सेनेट्री व दूसरी टायर पंचर की दुकान में भी चोरों ने चोरी करने का प्रयास किया था लेकिन वह सफल नहीं हो पाए थे।
सोमवार सुबह दुकान पर पहुंचने पर दुकानदारों ने पुलिस को चोरी की सूचना दी। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई जा रही है। जल्द चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।