धौलाना। थाना धौलाना क्षेत्र के गांव शेखपुर खिचरा में रविवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी डंडे चले। आरोप है कि इस दौरान लाठी-डंडों और बेल्ट से लैस लोगों ने विरोध करने पर घर में घुसकर महिलाओं से अभद्रता और मारपीट की। मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस ने शांति भंग की धाराओं में आठ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।
गांव निवासी असलम ने आरोप लगाया कि शनिवार शाम करीब छह बजे गांव के ही कुछ लोग लाठी-डंडों से लैस होकर घर में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी। असलम का कहना है कि हमला प्लॉट पर कब्जा करने की नीयत से किया गया।
इस घटना में उनके परिवार के कई लोग घायल हो गए। उन्होंने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
उधर, दूसरे पक्ष के इरशाद ने एसडीएम को पत्र देकर कहा कि विवादित प्लॉट उसकी खरीदी हुई जमीन है। उसने आरोप लगाया कि असलम पक्ष जबरदस्ती कब्जा करना चाहता है और माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा है। मारपीट में महिला समेत दो लोग घायल हो गए।
क्षेत्राधिकारी पिलखुवा अनीता चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल शांति भंग के आरोप में दोनों पक्षों के सदाकत,अफजाल ,सहमूद, अफसर व फज्जर मोहम्मद, दिलशाद ,शौकीन, अकबर के खिलाफ कार्रवाई की गई।