धौलाना। करनपुर जट्ट गांव में बुग्गी लेकर जा रहे युवक द्वारा बाइक सवार को साइड न देने पर हुए विवाद के बाद बाइक सवार युवक ने बुग्गी सवार के घर पहुंचकर अवैध पिस्टल से फायरिंग कर दी। परिजनों ने आरोपी काे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
करनपुर जटट निवासी संजू पाल ने बताया कि वह शनिवार सुबह बुग्गी लेकर खेत पर चारा लेने जा रहा था। रास्ते में बाइक सवार बुग्गी से आगे निकलने के दौरान फिसल गया। इससे दोनों में विवाद हो गया। आरोप है कि आरोपी युवक अपने घर से अवैध पिस्टल लेकर उसके घर पहुंच गया और धमकी देकर गाली गलौज शुरू कर दी। आराेपी ने फायरिंग भी कर दी। इसमें वे बाल-बाल बच गए। परिजनों ने साहस दिखाते हुए हमलावर से पिस्टल छीन ली और पुलिस को सौंप दी। थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मौके के आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जांच पड़ताल के बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।