गढ़मुक्तेश्वर। गांव सादुल्लापुर लोधी में सोमवार की सुबह करीब 4 बजे गांव का ही युवक प्राचीन शिव मंदिर से भगवान शिव की पिंडी उखाड़ कर ले गया। घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहीं ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सोमवार की सुबह कुछ ग्रामीण मंदिर में पूजा करने के लिए पहुंचे, तो शिवलिंग उखड़ा देखकर अचंभित हो गए। ग्राम प्रधान ने घटना के संबंध में कोतवाली पुलिस को जानकारी दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की, तो सुबह करीब चार बजे गांव का ही युवक शिवलिंग को उखाड़ कर ले जाता नजर आया। जिसे देखकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को समझाबुझा कर शांत किया। वहीं शिवलिंग की स्थापना कराने का आश्वासन देते हुए कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
मेरे भतीजे का हाथ तोड़ा, इसलिए मैंने बदला लिया
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए युवक की बातों से प्रतीत हो रहा है कि वह मानसिक रूप से बीमार है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह भगवान शिव का पुजारी है। उसके बाद भी भगवान शिव ने उसके भतीजे का हाथ तोड़ दिया, जिससे भतीजा परेशान है। उसका बदला लेने के लिए मैंने यह काम किया।
कोट -
सीओ आशुतोष शिवम का कहना है कि एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया है। गांव में शांति का माहौल बना हुआ है। हिरासत में लिए गए युवक की बातों से प्रतीत हो रहा है कि वह मानसिक रूप से बीमार है। ग्रामीणों द्वारा नया शिवलिंग लगाया जा चुका है। जिसकी जल्द ही प्राण प्रतिष्ठा कराई जाएगी।