पिलखुवा। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी कर 25.92 लाख रुपये हड़पने व मारपीट करने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए मोहन नगर कॉलोनी निवासी विजय गोयल ने बताया कि वह कपड़े का व्यापार करता है, उसे फैक्टरी लगाने के लिए जमीन की जरूरत थी। नया गांव रोड पर अतुल, प्रमोद और रवगेंद्र की 3603 वर्गगज भूमि उसे बताई गई, जिसका दो फरवरी 2023 को 1751 रुपये प्रति गज के हिसाब से सौदा हा गया। उसके द्वारा 25.92 लाख रुपये भी दे दिए गए। आरोपियों द्वारा बैनामा करने के लिए बार-बार तारीख आगे बढ़ाने पर उसे शक हुआ। जानकारी करने पर पता चला की आरोपियों की मौके पर केवल 1801 वर्ग गज भूमि है। आरोपियों से जब रुपयों के लिए तकादा किया गया तो उसके साथ मारपीट की और शिकायत करने पर जाने से मारने की धमकी दी।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मोहल्ला साकेत निवासी अतुल कुमार शर्मा, रवगेंद्र कुमार शर्मा और प्रमोद शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी कर रुपये हड़पने, मारपीट करने समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।