हापुड़। थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव गंदूनगला में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दो लाख रुपये की नकदी, तीन तमंचे, चार कारतूस और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी और लूटपाट के कई मुकदमे दर्ज हैं।
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोतवाली क्षेत्र के गांव हैदरनगगर निवासी दिनेश, राजेंद्र उर्फ सुभाष व गाजियाबाद के थाना मोदीनगर क्षेत्र के विजय नगर निवासी विनय है। तलाशी के दौरान आरोपियों से सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर हापुड़, मेरठ, गाजियाबाद में चोरी, डकैती और हत्या के मामले दर्ज है। इनमें विनय के खिलाफ तीन, दिनेश के खिलाफ आठ और पुष्पेंद्र के खिलाफ दस मुकदमे शामिल हैं।