गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव सालारपुर निवासी सुमित शर्मा ने थाने में तहरीर दी है। जिसने बताया कि वह नोएडा में नौकरी करता है। जिसके चलते उसके परिजन भी वहीं पर रहते हैं। गांव सालारपुर में उसका पैतृक मकान है, जिसमें ताला लगा हुआ है। 25 जनवरी को वह गांव आया था और 26 जनवरी की शाम वापस लौट गया। लेकिन पारिवारिक सदस्य की मृत्यु की सूचना पर वह बृहस्पतिवार को गांव आया। जहां घर पहुंचने पर मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर देखा कि सभी सामान भी अस्त व्यस्त पड़ा हुआ है। चोरों ने कमरों के भी ताले तोड़कर 60 हजार रुपये की नकदी समेत आभूषण व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश चंद ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।