गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सालारपुर में एक वृद्ध महिला की अंतिम यात्रा में डीजे बजाने के लिए आए युवक की बिजली के तार की चपेट में आकर मौत हो गई। युवक की मौत होने पर अंतिम यात्रा में शामिल लोगों में अफरा तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव कानौर निवासी आकाश कुमार (23) अपने ही गांव के रहने वाले फुरकान अली के डीजे की दुकान पर काम करता था। रविवार को क्षेत्र के गांव सालारपुर निवासी 108 वर्षीय महिला मुक्को देवी का निधन हो गया था। परिजनों ने बैंड-बाजों के साथ मृतका की अंतिम यात्रा निकाली। जिसमें आकाश भी डीजे लेकर गया था। रास्ते में नीचे लटक रहे बिजली की लाइन के तार में उसका सिर लगने से वह बुरी तरह झुलस गया और नीचे जा गिरा। युवक के नीचे गिरते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
विज्ञापन
सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। गांव में पुलिस टीम तैनात की गई है।