हापुड़। मौसम में बदलाव का सिलसिला अभी जारी है। रविवार को दिनभर चटक धूप खिले रहने से सूरज की तपिश ने लोगों को बेहाल किया। सोमवार को मौसम में बदलाव के बाद बारिश का भी अनुमान है। इससे तापमान में गिरावट के बाद गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
अप्रैल माह के अंतिम दिनों में हुई बारिश के बाद गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन मई माह की शुरुआत होने के बाद सूरज के तेवर तल्ख हो गए। पिछले तीन दिनों से चटक धूप खिल रही है, हालांकि लू के प्रकोप से लोगों को राहत मिली है। रविवार को भी दिनभर धूप खिले रहने से सूरज की तपिश का असर दिखाई दिया। दोपहर के समय गर्मी के कारण सड़कों ओर बाजारों में चहल पहल कम रही। रविवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 13 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली और आर्द्रता 50 फीसदी रही।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि सोमवार को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। तेज हवा और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है।