ब्रजघाट। गढ़-ब्रजघाट में गंगा का जलस्तर बृहस्पतिवार को तेजी से बढ़ोतरी के बाद शुक्रवार को स्थिर बना रहा। जलस्तर बढ़ने से रेतीले टापू पर बने अस्थायी घाटों में दूसरे दिन भी जलभराव रहा। शनिवार से जलस्तर में कमी आने की संभावना है।
बृहस्पतिवार को क्षेत्र में गंगा के जलस्तर में 50 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। इसके कारण ब्रजघाट में गंगा का जलस्तर 197.50 मीटर (समुंद्र तल से) के निशान पर पहुंच गया था। दूसरे दिन शुक्रवार को जलस्तर में इजाफा न होने से स्थानीय लोगों के साथ ही प्रशासन ने भी राहत की सांस ली। शुक्रवार को क्षेत्र में गंगा का जलस्तर 197.48 मीटर दर्ज किया गया लेकिन जलस्तर बढ़ने से गंगा के बीच में बने रेतीले टापू डूब गए हैं। उन पर बनाए गए अस्थायी घाट भी जलमग्न हैं। अस्थायी घाटों पर अब भी दो से तीन फीट तक पानी भरा हुआ है।
पुलिस-प्रशासन श्रद्धालुओं को चेता रहा
जलस्तर में तेजी से हुई बढ़ोतरी के कारण स्नानार्थियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी खतरा बन गया। इसके मद्देनजर गंगा सभा आरती समिति के सहयोग से पुलिस और प्रशासन स्नान कर रहे श्रद्धालुओं को लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार गहरे जल में न जाने को लेकर सावधान करता रहा। एसडीएम श्रीराम सिंह का कहना है कि दूसरे दिन भी बिजनौर बैराज से डिस्चार्ज नहीं किया गया है। इससे शनिवार की दोपहर तक क्षेत्र में गंगा के जलस्तर में कमी आने की संभावना है।