24 घंटों में नदी का जलस्तर बढ़ा
- फोटो : अमर उजाला
पहाड़ों पर हुई भारी बरसात से गंगा के जलस्तर में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। बीते 24 घंटों में नदी का जलस्तर 27 सेमी बढ़ गया है। इससे खादर क्षेत्र के गांवों में दहशत है।
सिंचाई विभाग कंट्रोल के सूत्रों के मुताबिक पहाड़ों पर हो रही बारिश के मद्देनजर मंगलवार को हरिद्वार और बिजनौर से 2.95 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे बुधवार तक नदी का जलस्तर और बढ़ना तय है।
केंद्रीय जल आयोग के कनिष्ठ अभियंता राहुल शर्मा और गेज अधिकारी संत कुमार ने बताया कि सोमवार देर शाम को गंगा का जलस्तर 198.20 मीटर था, जो मंगलवार शाम तक बढ़कर 198.47 मीटर के निशान पर पहुंच गया है।
एसडीएम शमशाद हुसैन ने कहा कि नदी के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। राहत चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। ग्रामीण मोहन सिंह, खजान, कलुवा राणा, रामलाल, निहाल सिंह ने कहा कि गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी से निचले जंगल में फिर से जलभराव हो गया है।
इससे मवेशियों के लिए चारे की समस्या पैदा हो गई है। चारे के लिए 15 से 20 मील लंबा चक्कर काटकर बांगर क्षेत्र के गांवों में जाना पड़ रहा है।