महाशिवरात्रि के पर्व पर सबली महादेव मंदिर में शिवलिंग पर जलाभिषेक करते श्रद्धालु। संवाद
हापुड़। जिले में महाशिवरात्रि पर रविवार को जिलेभर के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिरों में दर्शन-पूजन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। शिव भक्तों के साथ ही कांवड़ियों ने शिवालयों में जलाभिषेक किया।
हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। भक्तों ने भगवान शिव का जल, दूध और गंगाजल से अभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था भी रही।
शहर के सबली स्थित प्राचीन शिव मंदिर और छपकौली स्थित महादेव मंदिर के साथ ही अन्य शिवालयों में भोर से श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। मंदिर परिसर में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं की अलग-अलग कतारें बनाई गई थीं। हाथों में पूजन सामग्री लिए भक्त अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। कई श्रद्धालु व्रत रखकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचे थे। बेर, भांग, धतूरा, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से आशीर्वाद प्राप्त किया।
वहीं, शहर के चंडी रोड स्थित मां चंडी मंदिर, बुलंदशहर रोड स्थित श्री मंशा देवी मंदिर, दिल्ली रोड स्थित बाबा बख्तावर नाथ मंदिर, आवास विकास स्थित शिव मंदिर सहित शहर से लेकर देहात तक के शिवालयों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।