ब्रजघाट। क्षेत्र के गांव बागड़पुर-गावड़ी में शनिवार को राजस्व टीम ने तालाब की तीन बीघा जमीन पर किए गए अस्थायी अवैध कब्जे को मुक्त कराया। कब्जाधारकों को चेतावनी दी है कि यदि दोबारा कब्जा किया तो प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
तहसीलदार राहुल कुमार ने बताया कि गांव बागड़पुर गावड़ी में स्थित तालाब की तीन बीघा जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अस्थायी रूप से कब्जा कर लिया गया था। तालाब पर कब्जा करने की शिकायत उच्चाधिकारियों को ऑनलाइन मिली थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर राजस्व टीम गठित कर कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। शनिवार को नायाब तहसीलदार वेदप्रकाश सोनी के नेतृत्व में राजस्व टीम पुलिस बल के साथ गांव पहुंची। जहां जेसीबी के माध्यम से करीब तीन बीघा तालाब की भूमि पर बनाई गईं झोपड़ी व अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटवा दिया गया है। कार्रवाई होते देख कुछ लोगों ने अपना कब्जा खुद ही हटा लिया। तहसीलदार ने बताया तालाब की जमीन को कब्जा मुक्त करा दिया गया है। वहीं, चेतावनी दी गई है कि किसी ने दोबारा कब्जा करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।