फ्रीगंज रोड पर आए दिन पाइप लाइन लीकेज की समस्या से जल्द निजात मिलेगी। करीब 24 लाख रुपये की लागत से नई लीकेज प्रूफ पाइप लाइन पालिका द्वारा डलवाई जाएगी। शहर के प्रमुख मार्ग फ्रीगंज रोड पर कचहरी, कई अस्पताल, स्कूल, कालोनी, शहर का एक मात्र रेलवे पार्क स्थित है।
इस मार्ग पर आए दिन पाइप लाइन लीकेज होने से नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है और सड़क भी जल्द टूट जाती है। पालिका अफसरों ने फ्रीगंज रोड पर 24 लाख रुपये की लागत से लीकेज प्रूफ पाइप लाइन डलवाने का निर्णय लिया है।
पालिका के जलकल विभाग के सहायक अभियन्ता अनवर ख्वाजा ने बताया कि जल निगम से पाइप लाइन डलवाने का कार्य कराया जा रहा है। पहले इस मार्ग पर सड़क के बीच में पाइप लाइन थी।
लेकिन अब सड़क के दोनों ओर लीकेज प्रूफ पाइप लाइन डलवाई जाएगी। पाइप लाइन डाले जाने के कार्य की सभी तैयारी हो चुकी है प्रयास है कि बहुत ही जल्द यह कार्य शुरू हो जाएगा।