हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र की शांति नगर कॉलोनी में 27 जनवरी को हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। भांजे ने ही अपने साथी के साथ इस चोरी को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए गहने और अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है।
मेरठ रोड स्थित मोहल्ला शांति नगर कॉलोनी निवासी कीर्ति सिरोही ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया था कि वह गांव टियाला में उच्च प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात हैं। 27 जनवरी को बीएलओ कार्य के लिए वह घर का ताला लगाकर गई थीं। जब दोपहर में उनकी पुत्री स्कूल से वापस घर लौटी तो मुख्य दरवाजा खुला मिला और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि उनकी गैर मौजूदगी में अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि इस चोरी की वारदात का पर्दाफाश करने के लिए साइलो प्रथम चौकी प्रभारी आशीष रस्तोगी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम दस्तोई रोड पर गश्त पर थी, तभी एक संदिग्ध कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोकने का इशारा किया तो आरोपी भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोककर उसमें सवार मोहल्ला गोपीपुरा कोठीगेट निवासी कनिष व मूलरूप से बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बछलौता हाल निवास आवास विकास काॅलोनी निवासी निहाल को गिरफ्तार कर लिया। कनिष पीड़िता का भांजा बताया जा रहा है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए लाखों रुपये के सोने व चांदी के गहने, 17200 रुपये, चार मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है।