हापुड़। थाना देहात में एमवी एक्ट में सीज खड़ी बुलेट को बदमाश चोरी कर ले गए। चोरी की घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। हेड मोहर्रिर की तहरीर पर पुलिस ने दो चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
हेड मोहर्रिर आबिद ने बताया कि 16 मार्च को वह थाना परिसर में खड़े मुकदमे व लावारिस वाहनों की गिनती कर रहे थे। जिनमें 30 दिसंबर 2024 को एमवी एक्ट में सीज की गई बुलेट गायब थी। बुलेट चोरी होने की सूचना पर पुलिसकर्मियों में हड़कंप मचा गया। इस दौरान थाने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो 12 मार्च की दोपहर में दो बदमाश बुलेट चोरी कर ले जाते हुए दिखाई दिए।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि हेड मोहर्रिर आबिद की तहरीर पर दो बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।