बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र में स्याना रोड स्थित एक खेत में युवती का शव मिलने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतका के प्रेमी का उसकी चचेरी बहन से भी संपर्क हो गया था। इसकी जानकारी होने पर युवती का अपनी बहन व प्रेमी से विवाद हुआ था। इसके बाद वह घर से कहीं चली गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है।
देहात कोतवाली की नई मंडी चौकी क्षेत्र के एक गांव इमलिया निवासी 21 वर्षीय युवती 23 जुलाई को घर से कहीं चली गई थी। दो दिन पूर्व परिजनों ने एक युवक पर आशंका जताते हुए अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस युवती की तलाश कर रही थी। रविवार शाम को कुछ ग्रामीणों ने गांव के निकट ही एक खेत में युवती का शव पेड़ से फंदे से लटका देखा था। पुलिस जांच में पता चला कि जिस युवक को परिजनों ने नामजद किया था, उससे युवती का प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीते कुछ समय से युवक की नजदीकियां मृतका की चचेरी बहन से भी बढ़ गई थीं। इसकी जानकारी जब युवती को हुई तो उसका आरोपी युवक और अपनी बहन से भी विवाद हो गया था।
बताया जा रहा है कि इसी से आहत होकर वह 23 जुलाई को घर से कहीं चली गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार युवती ने उसी दिन फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। रिपोर्ट में हैंगिंग मौत का कारण आया है। हालांकि, अधिकारी अभी इस बाबत आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रहे हैं। देहात कोतवाल ने बताया कि युवती का प्रेम संबंधों को लेकर परिजनों से विवाद हुआ था। इसके बाद वह घर से चली गई। पोस्टमार्टम में भी मौत का कारण हैंगिंग ही आया है। आगे की जांच जारी है।