स्वच्छ भारत मिशन की कायाकल्प योजना के तहत मंगलवार को लखनऊ से आई क्वालिटी एशोरेंस (गुणवत्ता आश्वासन) की टीम ने गढ़ रोड स्थित सीएचसी का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने अस्पताल में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
टीम ने अस्पताल प्रांगण में बने हर्बल गार्डन की भी खूबियों को भी जाना। बता दें कि सफाई व्यवस्था में सीएचसी यदि प्रदेश में शीर्ष स्थान पर काबिज हुई तो कायाकल्प योजना के तहत इसके विकास के लिए 15 लाख रुपये शासन से मिलेंगे।
क्वालिटी एशोेरेंस के परामर्शदाता आरएस चौरसिया ने बताया कि सरकार ने कायाकल्प योजना के तहत अस्पतालों के विकास का निर्णय लिया है। योजना के तहत प्रथम चरण में अस्पताल के चिकित्सक सफाई की रिपोर्ट तैयार करते हैं,
70 फीसदी अंक मिलने पर दूसरे चरण में जिले के अन्य अस्पतालों के चिकित्सक क्रॉस चेकिंग करते हैं। दूसरे चरण में भी 70 फीसदी अंक मिलने पर ही प्रदेश स्तर की टीम चेकिंग करती है। सीएचसी हापुड़ व गढ़मुक्तेश्वर ने दूसरा चरण पास कर लिया है।
वह तीसरे चरण की रिपोर्ट तैयार करने के लिए यहां आए हैं। उन्होंने बायो मेडिकल वेस्टेज में कुछ खामियां मिली हैं, इन्हें दुरस्त करने को निर्देशित किया गया है। अस्पताल प्रांगण में बनाए गए हर्बल गार्डन का उन्होंने जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर पर टॉप आने वाले जिला अस्पताल को सरकार 50 लाख, सीएचसी को 15 लाख, दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली सीएचसी को 10 लाख व 70 फीसदी अंक
प्राप्त करने वाली सीएचसी को एक-एक लाख रुपये मिलेंगे। इस दौरान सीएचसी अधीक्षक राजेंद्र गुप्ता, डॉ. गरिमा चौधरी, डीपी पालीवाल, डॉ. गौतम मौजूद रहे।