मारवाड़ चौकी के पास बृहस्पतिवार शाम जिस समय बाइक सवार बदमाशों ने मिठाई शॉप के कर्मचारियों से लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था, उस समय चौकी बंद थी। अगर मारवाड़ चौकी बंद नहीं होती तो बदमाश लूटपाट की घटना को अंजाम नहीं दे पाते।
लूटपाट की सूचना के बाद आनन फानन में पुलिसकर्मियों ने चौकी खोली। साथ ही पुलिस ने लूटपाट के मामले में भी खेल कर घटना की रिपोर्ट चोरी में दर्ज किया है। बृहस्पतिवार शाम कैश कलेक्शन कर लौट रहे रेलवे रोड स्थित
मिठाई की दुकान के दो कर्मचारी राजेंद्र और सोनू को मारवाड़ चौकी के पास बदमाशों ने लूट लिया था। बदमाशों ने 25 हजार रुपये की नगदी लूटी थी। सूत्रों के अनुसार, जिस समय वारदात हुई थी, उस समय मारवाड़ चौकी बंद थी।
समस्त स्टॉफ चौकी से गायब था। लूट की सूचना पर आनन फानन में पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और चौकी खोली। इतना ही नहीं अब पुलिस ने लूट के मामले में खेल करते हुए कुलदीप की तहरीर पर मामले की रिपोर्ट चोरी में दर्ज किया है।
वहीं, कोतवाल अजय अग्रवाल ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम मिठाई की शॉप के दोनों कर्मचारी मिनी ट्रक से पनीर, मावे और दूध की सप्लाई कर लौट रहे थे। मारवाड़ चौकी के पास स्थित रेलवे फाटक के बंद होने के कारण मिनी ट्रक रुक गया। ट्रक का शीशा खुला था।
तभी कुछ लोग शीशे से थैला लेकर भाग गए। उन्हें कुछ देर बाद थैले के गायब होने का पता चला।
वहीं, सीओ पिलखुवा अतुल यादव ने बताया कि चौकी पर तैनात अनेक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी चुनाव में लगी है। चौकी बंद होने का मामला संज्ञान में है। लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अधिकांश पुलिसकर्मियों की ड्यूटी चुनाव में लगी है। हो सकता है कि इस कारण चौकी बंद हो। संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली जाएगी। निष्पक्ष जांच कराकर मामले का खुलासा किया जाएगा। रामनयन यादव, एडिशनल एसपी