गढ़मुक्तेश्वर। गांव हशुपुर में लंबे समय से जर्जर और गड्ढों में तब्दील सड़क के निर्माण कार्य का शुक्रवार को शुभारंभ हो गया। विधायक हरेंद्र तेवतिया ने लगभग 42 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 500 मीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। सड़क निर्माण से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
इस दौरान विधायक ने कहा कि यह सड़क लंबे समय से खराब हालत में थी, जिससे ग्रामीणों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता था। सड़क बनने के बाद अठसैनी, मानकचौक और पौपाई समेत आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। विधायक ने कहा कि भाजपा शासन ने ग्रामीण क्षेत्रों को शहरों से सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए हर संभव काम किया जा रहा है।
ताकि, आवामगन आसान हो सके। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण शुरू होने पर खुशी जताते हुए कहा कि वर्षों से इस मार्ग के निर्माण की मांग की जा रही थी। अब सड़क बनने से यात्रा आसान होने के साथ-साथ समय की भी बचत होगी। इस मौके पर ग्राम प्रधान एशवीर सिंह, योगेंद्र तंवर, संजीव त्यागी, देवेंद्र ढींगरा, संजीव त्यागी समेत ग्रामीण मौजूद रहे।