सीम योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर कार्तिक पूर्णिमा मेला स्थल का निरीक्षण करते एडीजी भानु भास्क
हापुड़। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को जिले के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री करीब एक घंटे तक जिले में रहेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारी पूरी कर ली हैं। गढ़मुक्तेश्वर के लठीरा कच्चा घाट पर हेलीपैड बनाया गया है। यहीं पर मुख्यमंत्री गंगा घाट और अन्य व्यवस्थाओं का करीब दस मिनट तक निरीक्षण करेंगे। इसके बाद हापुड़ और अमरोहा के जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक के बाद वह मेरठ रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल से लेकर आसपास के रास्तों तक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे गाजियाबाद से चलकर करीब 10:35 पर लठीरा कच्चा घाट पर पहुंचेगा। इसके लिए हेलीपैड का निर्माण पूरा करा लिया गया है। कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा घेरा और अन्य जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। हापुड़ के साथ ही अमरोहा जिले के अधिकारी भी तैयारियों में जुटे हुए हैं। यह मेला गंगा के दोनों किनारों पर लगता है।
मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ बैठक कर मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करेंगे। इसके बाद सुबह करीब 11:35 पर वह रवाना हो जाएंगे। मेले में करीब 30 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में करीब 250 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल के आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर निगरानी रखी जाएगी।
निरीक्षण और बैठक को लेकर सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। बैठक में हापुड़ और अमरोहा जिले के जनप्रतिनिधि व सभी अधिकारी मौजूद रहेंगे। शीर्ष अधिकारी भी बैठक में रहेंगे, जो मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी करेंगे। इस बार मेले में श्रद्धालुओं को और अच्छी सुविधाएं मिलेंगी।
- कविता मीना, डीएम