रोडवेज बसों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रोडवेज प्रबंधन जल्द डिपो को हाईटेक करेगा। मुख्य द्वार पर नया गेट बनाने की योजना है। साथ ही पानी की टोटियां भी बदली जाएंगी।
इसके अलावा डिस्पले भी लगाए जाएंगे ताकि मुसाफिरों को बसों के आवागमन का आसानी से पता चल सके। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने के लिए मुख्यालय को प्रस्ताव भेज दिया है।
दरअसल, कहने को हापुड़ डिपो पश्चिमी उत्तर प्रदेश से प्रदेश सरकार को सबसे ज्यादा राजस्व देता है
लेकिन आज भी बस अड्डा अपनी बदहाली पर रो रहा है। आलम यह है कि मुख्य द्वार की हालत जर्जर हो चुकी है। बाथरुम की टोटियां गायब हैं। सफाई नहीं होने के कारण नालियां गंदगी से ओवरफ्लो हो रही हैं, जिससे मच्छर-मक्खियों का आलम रहता है।
हालांकि अब डिपो के अधिकारियों ने ही यात्रियों की परेशानी को देखते हुए सुविधाएं बढ़ाने का निर्णय कर लिया है। प्रस्ताव के अनुसार दोनों तरफ के मुख्य द्वार पर नए गेट, बाथरुम और अन्य स्थानों पर नई टोटियां, बाहर डिस्पले स्क्रीन, बड़ा घंटा और लाऊडस्पीकर लगाया जाएगा।
एआरएम एनपी सिंह का कहना है कि यहां सुविधाओं की कमी को देखते हुए बस अड्डे की सूरत बदलने के लिए मुख्यालॎय को प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। उम्मीद है कि माह के अंत तक या अगस्त के प्रथम सप्ताह में प्रस्ताव को हरी झंडी मिल जाएगी।