गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव लुहारी में मामूली कहासुनी के बाद दो युवकों ने एक युवक पर फरसे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी आरोपी पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। पीड़ित पक्ष ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
गांव निवासी बसरूद्दीन ने दी गई तहरीर में उल्लेख किया है कि रविवार को उनके बेटे जाने आलम की गांव के ही रहने वाले शाहरूख और इरफान से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस समय वहां पर मौजूद ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को समझाबुझा कर मामला शांत करा दिया।
पीड़ित का कहना है कि बावजूद आरोपी युवक उनके बेटे से रंजिश मानने लगे। शाम के समय जाने आलम गांव में स्थित मस्जिद से नमाज पढ़कर बाहर निकल रहा था। इसी दौरान दोनों युवकों ने उसे रोक लिया। शाहरूख और इरफान नेे उनके बेटे पर फरसे से लगातार वार किए। जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया। घटना की जानकारी मिलने पर वह परिजनों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बेटे को थाने ले गए। जहां से उसे गढ़ सीएचसी में भर्ती कराया गया। लेकिन, हालत अधिक गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने जाने आलम को मेरठ के लिए रेफर कर दिया। जहां पर उपचार के दौरान अभी भी उनके बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराते हुए उनकी तलाश की जा रही है।