पशुपालकों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने पशु पालकों को लाभ पहुंचाने के लिए पशुधन का बीमा कराने की योजना बनाई है। एक पशु के बीमा पर आने वाल राशि का 75 फीसदी व्यय केंद्र और राज्य सरकार वहन करेंगी। जबकि पालक को मात्र 25 फीसदी राशि का भुगतान करना होगा। यह योजना जल्द ही हापुड़ में भी शुरू की जाएगी।
पशुओं का बीमा होने से कंपनी मौत होने पर पूर्ण राशि और अपंग होने पर भी राशि का भुगतान करेगी। योजना फिलहाल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में शुरू करने की योजना है, जिसमें हापुड़ को भी शामिल किया गया है। योजना से सर्विस टैक्स को समाप्त कर दिया गया है। बीमा कराने के लिए पालक को संबंधित ब्लॉक के पशु चिकित्साधिकारी से मिलना होगा।
पांच पशुओं का करा सकेंगे बीमा-
योजना में एक पशुपालक अपने पांच ही पशुओं का बीमा करा सकेंगे। इसमें गाय, भैंस, घोड़ा का बीमा पचास हजार रुपये तक का होगा। इससे ज्यादा पशु होने पर पशुपालक दूसरे परिजन के नाम से बाकी का बीमा करा सकेंगे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाईपी सिंह का कहना है कि पशुओं की बीमा योजना से पालकों की टेंशन दूर हो जाएगी। पालक को अपने हिस्से की बीमा राशि संबंधित बैंक में जमा करनी होगी, जल्द ही इस योजना को शुरू किया जाएगा।