मोहल्ला शकरकुई ब्रह्मनान में जगन भैंसों की डेयरी का काम करता है। जिसके कारण भैंसों का हरा चारा रास्ते पर पड़ा रहता है। शनिवार शाम सामने रहने वाले एक दूसरे संप्रदाय के आरिफ ने इसका विरोध किया था, तो डेयरी मालिक पक्ष के लोग एकत्र हो गए। इस दौरान हाथापाई शुरू हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत करा दिया था।
रविवार शाम एक बार फिर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग मौके पर जमा हो गए और पथराव शुरू हो गया। मौके पर पुलिस पहुंच गई और शांति व्यवस्था कायम करने की कोशिश की। लेकिन करीब आधा घंटे तक पथराव होता रहा। इस दौरान मौके पर एएसपी मुकेश चंद मिश्रा, सीओ अशोक कुमार सिसौदिया और भारी पुलिसबल मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के सामने ही मकान की छतों से पथराव
बताया जाता है कि शाम की नमाज के बाद कुछ लोग एकत्र होकर मौके पर पहुंच गए और विवाद शुरू हो गया। स्थानीय चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई लेकिन पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ही पथराव होता रहा। मकानों के बाहर से ताले लगाकर युवक अंदर से छतों से पथराव कर रहे थे। पुलिस ने बाद में ताले तोडक़र अंदर से युवकों को हिरासत में लिया। इस दौरान दो महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए। इस दौरान मोहल्ले के लोग दहशत में रहे और घरों में घुस गए।