गढ़मुक्तेश्वर। तहसील में अधिवक्ताओं और प्रशासन के बीच टकराव गहराता जा रहा है। तहसीलदार पर अभद्र व्यवहार और मनमाने रवैये के आरोप लगाते हुए बार एसोसिएशन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। अधिवक्ताओं ने साफ कर दिया कि जब तक तहसीलदार का तबादला नहीं होता, तब तक वे कार्य पर वापस नहीं लौटेंगे।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र चौहान और सचिव जितेंद्र यादव के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने तहसील न्यायालय से जुड़े सभी कार्यों का बहिष्कार कर दिया है। अधिवक्ताओं का कहना है कि तहसीलदार के खिलाफ पहले भी चार बार कार्य बहिष्कार किया जा चुका है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि तहसील में कार्यों में लगातार देरी हो रही है और आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधिवक्ताओं ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि 30 मार्च तक तहसीलदार का तबादला नहीं किया गया, तो रजिस्ट्री कार्यालय सहित सभी संबंधित कार्य पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे। इस मौके पर बलराज त्यागी, जितेंद्र भाटी, ओमपाल मावी, मोहित गुप्ता, कृष्ण चौहान, चंद्रशेखर चौहान, ललित कुमार, सचिन सिंह, हरिशंकर राणा, सुभाष मोरल आदि मौजूद रहे।
तहसीलदार राहुल सिंह ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज किया है। उनका कहना है कि तहसील में सभी कार्य समयबद्ध तरीके से किए जा रहे हैं। यदि किसी को कोई समस्या है, तो वह सीधे कार्यालय में आकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।