जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में एक बार फिर महज कोरम पूर्ति की गई। मंगलवार को नगर पालिका सभागार में आयोजित तहसील दिवस में आई 15 शिकायतों में से मात्र एक शिकायत का ही समाधान हो सका।
वहीं धौलाना में 43 में से सिर्फ एक शिकायत का निस्तारण हो सका। तहसील दिवस में ग्राम शाहपुर जट्ट निवासी सुनील कुमार ने बच्चे के इलाज के लिए सरकारी मदद दिलाए जाने, मोहल्ला पुराना बस अड्डा से लोगों ने शराब ठेके को हटवाने,
गांव घुंघराला निवासी रिफाकत ने सरकारी नाली बंद कराने के संबंध में शिकायत की। इसके अलावा मोहल्ला चमरी निवासी किशनपाल सिंह ने मोहल्ले में खड़ंजा व बिजली का पोल लगवाने, नेहरू कॉलोनी निवासी धमेंद्र ने मोहल्ले में सफाई कराने,
चंदन वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने संजय विहार कॉलोनी में नाली की सफाई कराने जैसी शिकायतें कीं। मौके पर मात्र एक ही शिकायत का समाधान हो सका। लिहाजा, बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता बैरंग लौट गए।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अलंकृता सिंह, सीडीओ कुणाल सिल्कू, एसडीएम मीनू राणा, सीएमओ डॉ. एके सिंह मौजूद आदि रहे। धौलाना में एडीएम रजनीश राय की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया।
इस दौरान कुल 43 शिकायतें दर्ज हुईं। एक समस्या का ही मौके पर निस्तारण हो सका। संजीव कुमार वशिष्ठ ने खसरा संख्या 1553 तालाब पर अवैध कब्जा मुक्त कराने, दयानंद जाटव ने नाले की सफाई के बाद निकाली गई गंदगी उठवाने,
ग्राम सौलाना के ललित कुमार ने जिला पंचायत कोटे से बासतपुर - शौलाना पर बनने वाले मार्ग को दबंगों द्वारा अवरोध पैदा करने की शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान एसडीएम अजय सक्सेना, तहसीलदार दीपक कुमार, क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र राठौर , नायब तहसीलदार सुनील कुमार आदि उपस्थित रहे।