हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव होशदारपुर गढ़ी में एक हेड कांस्टेबल के घर पर सीतापुर जनपद के दो किशोरों को बंधक बनाकर 15 माह तक काम कराया गया। इस मामले में हेड कांस्टेबल के खिलाफ मुुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
उपनिरीक्षक लालाराम मीणा ने बाबूगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया गया कि 12 सितंबर को चाइल्ड लाइन मुख्यालय लखनऊ से गांव होशदारपुर गढ़ी में दो किशोरों को बंधक बना कर जबरदस्ती काम कराने की सूचना मिली थी। इस पर बाल कल्याण समिति के विधि-सह पर्यवेक्षक रविंद्र कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर मुकेश कुमार, चाइल्ड लाइन हापुड़ के सुपरवाइजर जीतू तथा थाना एएचटी से वह और महिला आरक्षी निकिता तोमर की संयुक्त टीम ने गांव होशदारपुर गढ़ी स्थित एक मकान से दो किशाेरों को बरामद किया गया था। मकान सचिन कुमार का था।
बताया कि कथित रूप से सचिन कुमार किशोरों को अपने घर लेकर आया था। बिजनौर में तैनात हैडकांस्टेबिल सचिन व उसके पिता प्रमोद व अन्य द्वारा बालश्रम कराया जा रहा था। सीओ वरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि उपनिरीक्षक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।