संजीवनी हैल्थ क्लीनिक पर सील की कार्रवाई करते स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी। स्रोत विभाग
सिंभावली (हापुड़)। क्षेत्र के हरोड़ा मोड़ स्थित संजीवनी हेल्थ क्लीनिक में मरीजों को भर्ती कर इलाज करने व किशोर से ड्रिप लगवाने का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद हरकत में आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक को सील कर दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में क्लीनिक में हॉस्पिटल बेड के अलावा चारपाई बिछाकर उन पर मरीजों को भर्ती कर उपचार होता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही क्लीनिक में भर्ती महिला मरीज को लगाई गई ड्रिप की जांच किशोर ने की। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
डिप्टी सीएमओ डॉ. दिनेश भारती का कहना है कि प्रारंभिक जांच में नाबालिग से ड्रिप लगवाने का आरोप सही पाया गया है। क्लीनिक को सील कर दिया गया है। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। उनके आदेश पर अग्रिम कार्रवाई भी की जाएगी।