होली के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। डीएम के आदेशों पर मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग द्वारा नगर के मीनाक्षी रोड स्थित एक दुकान से मावा, बर्फी व घी के नमूने भरे गए।
इस दौरान दुकानदारों में हड़कंप मच गया। अधिकतर दुकानें बंद हो गईं। डीएम ने कार्रवाई जारी रखने के आदेश दिए हैं। होली के त्यौहार पर खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम की तैयारी शुरू हो गई हैं।
मंगलवार को अमर उजाला ने बाजार में मिलावटी मसालों व अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री से संबंधित समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद डीएम अनिल ढींगरा ने खाद्य सुरक्षा व औषधि विभाग को खाद्य पदार्थों के नमूने लेने के निर्देश दिए।
डीएम के आदेशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मीनाक्षी रोड स्थित गुरुदेव मावा वालों के यहां पहुंची। टीम ने यहां से मावा, बर्फी व देशी घी के तीन नमूने लिए। तीनों नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है।
कार्रवाई की सूचना से बाजार में हड़कंप मच गया। आनन फानन में दुकानें बंद हो गईं। ऐसी स्थिति में टीम केवल एक ही दुकान पर छापामारी कर सकी।
टीम में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी मीरा सिंह ने बताया कि डीएम के आदेश पर यह कार्रवाई की गयी है। आगे भी दूसरे खाद्य पदार्थों पर यह कार्रवाई जारी रहेगी। मिलावटखोरों को बख्शा नहीं जाएगा।
गुरुदेव मावा के मालिक प्यारेलाल का कहना है कि उनके यहां पूरी तरह से शुद्ध मावा और दूसरे खाद्य पदार्थों की बिक्री की जाती है। मिलावट का कोई सवाल नहीं है, बाकी रिपोर्ट आने सब कुछ साफ हो जाएगा।