बिजली बिल वसूलने गई टीम के साथ अभद्रता
- फोटो : अमर उजाला
हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव छतनोरा में बृहस्पतिवार दोपहर बिजली का बकाया वसूलने गई ऊर्जा निगम की टीम के साथ उपभोक्ता के बेटों ने जमकर अभद्रता और गाली-गलौज की। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस के सामने भी आरोपी दबंगई दिखाते रहे। मामले में दत्तियाना बिजलीघर के अवर अभियंता ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने की तहरीर थाने में दी है।
बाबूगढ़ थाने में दी तहरीर में अवर अभियंता महेशचंद्र शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब 1 बजे दत्तियाना बिजलीघर उपकेंद्र से जुड़े वसूली दल के कर्मचारी रविंद्र और रोहित बकाया वसूली अभियान के तहत ग्राम छतनोरा पहुंचे थे। टीम गांव निवासी बकायेदार उपभोक्ता महकार सिंह के मकान पर पहुंची और बकाया जमा करने को कहा।
बकाये की बात सुनते ही उपभोक्ता के पुत्र कपिल और राहुल भड़क गए और टीम के साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्रता शुरू कर दी। कर्मचारियों ने तुरंत स्थिति बिगड़ने पर डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों का बचाव किया, लेकिन आरोपी पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में भी ऊर्जा निगम की टीम से उलझते रहे।
दत्तियाना बिजलीघर के अवर अभियंता महेश चंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपी महकार सिंह पर वर्ष 2023 से अब तक का कुल बकाया महज 10 हजार रुपये है। 3 वर्ष की लंबी अवधि में इतना कम बिल आने से साफ अंदेशा है कि घर में बिजली चोरी कर कटिया डालकर उपकरण चलाए जा रहे थे। चोरी पकड़े जाने के डर और बकाये से बौखलाकर ही आरोपियों ने टीम के साथ हाथापाई और अभद्रता की है। दत्तियाना बिजलीघर के अवर अभियंता महेशचंद शर्मा ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर सरकारी कार्य में बाधा डालने और कर्मचारियों से अभद्रता करने की तहरीर बाबूगढ़ थाने में दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।