गढ़मुक्तेश्वर। जनपद अमरोहा स्थित स्कूल से पढ़ाकर घर लौट रहे शिक्षक की गढ़ के गांव बदरखा के सामने ऑटो में संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। शिक्षक की मौत होने पर अन्य यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हापुड़ के सबली गांव निवासी 48 वर्षीय जोगेंद्र सिंह जनपद अमरोहा के ब्लाक गंगेश्वरी क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय में शिक्षक थे। शुक्रवार को वह रोजमर्रा के भांति स्कूल गए थे। दोपहर बाद जब वह घर लौट रहे थे, तो नेशनल हाईवे पर गांव बदरखा के निकट ऑटो में सवार होने के दौरान उनकी तबीयत खराब हो गई। इससे पहले की वह किसी से कुछ कह पाते उनकी मौत हो गई। शिक्षक की मौत होने से अन्य यात्री घबरा गए। यात्रियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजन को मामले की जानकारी दी। मृतक के दो बेटे और दो बेटी हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला हृदयघात से मौत होना प्रतीत हो रहा है। मृत्यु का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।