हापुड़ सीएचसी में बिना मास्क पहने लगी मरीजों की भीड़। संवाद
हापुड़। जिले में स्वाइन फ्लू के दो नए मामले सामने आए हैं। दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है। मरीजों की संख्या बढ़कर अब 13 हो गई है। वहीं, अस्पतालों में मरीज बिना मास्क ही उपचार लेने पहुंच रहे हैं। काउंटर, ओपीडी में लंबी कतारें लग रही हैं। फीवर डेस्क भी बना दी गई हैं।
सरकारी अस्पतालों में आने वाले संदिग्ध मरीजों के विभाग ने सैंपल जुटाए थे। इसमें नगर निवासी 55 वर्षीय दो मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इन मरीजों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि किसी भी मरीज में गंभीर लक्षण नहीं हैं।
वहीं, अस्पतालों में स्वाइन फ्लू से निजात दिलाने की गाइडलाइन का पालन नहीं हो रहा है। किसी भी मरीज में इस बीमारी का खौफ नहीं दिख रहा है। बिना मास्क ही अस्पताल के हर कोने में मरीज आसानी से आ जा रहे हैं। ऐसे में स्वाइन फ्लू के अधिक फैलने की संभावना है। ओपीडी में चिकित्सक जरूरत मास्क लगा रहे हैं।
बुधवार को हापुड़ सीएचसी में दो बुजुर्ग गंभीर हालत में पहुंचे। दोनों को ही सांस लेने में समस्या हो रही थी। किसी तरह उनका सीटी स्कैन कराया गया, दोनों के ही फेफड़े सिकुड़े आए मिले। उन्हें मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया गया। सीएचसी से बुधवार को भी पांच मरीजों के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए।
कोट
स्वाइन फ्लू को लेकर घबराए नहीं बल्कि सावधानी बरतें। मास्क का प्रयोग करें, अधिक भीड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। जिले में अब 13 मरीज हो गए हैं। सभी की हालत सामान्य है।-डॉ.किशोर आहूजा, सीएमओ।