पिलखुवा जीएस विश्वविद्यालय के खेल महोत्सव में कबड्डी खेलते छात्र।संवाद
पिलखुवा। जीएस विश्वविद्यालय परिसर में रविवार को सर्ज 2026 के आयोजन में खेल, रोमांच और दिमागी चुनौती का अनूठा संगम देखने को मिला। सर्ज प्रीमियर लीग और मर्डर मिस्ट्री की गतिविधियों ने छात्र-छात्राओं में खास उत्साह पैदा किया।
सर्ज प्रीमियर लीग के तहत एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं ने क्रिकेट सहित खेल मुकाबलों में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा और जीत का उत्साह नजर आया। दूसरी ओर मर्डर मिस्ट्री में प्रतिभागियों को रहस्य की परतें खोलने और सुरागों के आधार पर गुत्थी सुलझाने की चुनौती मिली। इस गतिविधि में उनकी सूझबूझ, तर्क क्षमता और टीम के साथ काम करने की दक्षता परखी गई।
दोनों आयोजनों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही। प्रतियोगिताओं के परिणाम सोमवार को घोषित किए जाएंगे। जीएस संस्थान के उपनिदेशक मनोज सिसोदिया ने कहा कि सर्ज 2026 युवाओं को खेल और रचनात्मक गतिविधियों में प्रतिभा दिखाने का मंच दे रहा है। ऐसे आयोजन अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं।