सिंभावली। चीनी मिल में सुपरवाईजर के पद पर तैनात गांव दत्तियाना निवासी 55 वर्षीय योगेंद्र शर्मा की अचानक काम करने के दौरान गिरने से मौत हो गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए उनका अंतिम संस्कार कर दिया।
योगेंद्र शर्मा पिछले कई वर्ष से चीनी मिल में काम करते थे। रोजमर्रा के भांति शनिवार की शाम को चार से रात 12 बजे वाली शिफ्ट में काम पर आए थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे योगेंद्र मजदूरों के कार्य को देख रहे थे। इसी दौरान अचानक वह गिर कर बेहोश हो गए। मिल अधिकारियों और कर्मचारियों ने तुरंत ही उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें हापुड़ के लिए रेफर कर दिया। हापुड़ के अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के गमगीन माहौल में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया है। थाना पुलिस का कहना है कि इस संबंध में कोई सूचना नहीं मिली है।