हापुड़। हत्या के मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने से नाराज मृतक के परिजनों ने एसपी कार्यालय पर आत्मदाह का प्रयास किया। परिजनों ने ज्वलनशील पदार्थ की बोतल जैसे ही बाहर निकाली, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने बोतल छीनकर सभी को दबोच लिया। मामले में काफी देर तक हंगामा होता रहा।
नगर कोतवाली क्षेत्र के दस्तोई गांव निवासी नितिन (23) का शव होली के दिन 25 मार्च 2024 को गांव में उसी की आटा चक्की में बने एक कमरे में फंदे पर लटका मिला था। परिजनों ने रुपये के लेनदेन को लेकर मृतक के ताऊ सुभाष और उसके दो पुत्र दीपक, निशांत व एक अन्य आरोपी सागर पर हत्या का आरोप लगाते हुए एक अप्रैल में मुकदमा दर्ज कराया था। परिजनों का आरोप है कि मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार तक नहीं किया। जबकि वे लगातार थाने चौकियों के चक्कर काट रहे हैं।
पुलिस की लापरवाही से आहत मृतक के पिता लीलू, मां राजबाला, बहन सीमा, भाई राहुल मंगलवार की सुबह अन्य महिलाओं के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। लेकिन पुलिसकर्मियों ने एक बार फिर मामले में टालमटौल शुरू कर दी। जिससे आहत परिवार के लोगों ने मोपेड में रखी ज्वलनशील पदार्थ (कैरोसिन) की बोतल निकालकर अपने ऊपर छिड़कने और आत्मदाह करने का प्रयास किया। लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने सभी को दबोच लिया और बोतल छीन ली। बाद में सभी को छोड़ दिया गया।
काफी देर तक होता रहा हंगामा-
हंगामे को देखते हुए एसपी कार्यालय पर महिला थाना प्रभारी को पुलिस बल के साथ बुलाया गया। काफी संख्या में महिलाएं पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाती रहीं। काफी देर तक हंगामे के बाद पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाने के बाद ही महिलाएं शांत हुईं।
मामले में ली जाएगी विशेषज्ञों की राय-
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नितिन की मौत आत्महत्या प्रतीत हो रही है। हालांकि मामले में विशेषज्ञों की राय ली जाएगी, अगर आरोपियों की संलिप्तता पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी। -ज्ञानेंजय सिंह, एसपी हापुड़।