हापुड़। सिंभावली और ब्रजनाथपुर चीनी मिल से जुड़े किसानों को 8.22 करोड़ का भुगतान किया गया है। त्योहारी सीजन में इस भुगतान से किसानों को कुछ राहत मिली है। हालांकि, अभी भी मिलों पर 150 करोड़ से ज्यादा की देनदारी है, जो नए सत्र से पहले होना आसान नहीं है।
जिले के गन्ना किसान मार्च 2025 तक ही गन्ने की सप्लाई चीनी मिलों को कर चुके थे, लेकिन इसका भुगतान नहीं हुआ है। आईआरपी की टीम द्वारा बुधवार को 8.22 करोड़ का भुगतान किसानों को करने का दावा किया गया है। इसमें सिंभावली मिल ने 6.18 करोड़ और ब्रजनाथपुर मिल ने 2.04 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।
त्योहारी सीजन में यह भुगतान मिलने से किसानों को कुछ राहत जरूर मिलेगी। लेकिन अभी भी उनका 150 करोड़ से ज्यादा पैसा मिलों पर अटका है। जबकि नया सत्र नवंबर के पहले सप्ताह में ही शुरू किया जा सकता है।
आईआरपी अनुराग गोयल ने बताया कि किसानों को लगातार भुगतान कराया जा रहा है। 8.22 करोड़ उनके खातों में भेजे गए हैं। जल्द ही अवशेष भुगतान भी करा दिया जाएगा।