गढ़मुक्तेश्वर। परिषदीय विद्यालयों का नया शैक्षिक सत्र एक अप्रैल से शुरू होना है। शुरू से ही कक्षाएं सुचारू रूप से संचालित की जाएंगी। नए सत्र में नामांकन के बाद स्कूल न जाने वाले छात्रों पर विभागीय स्तर से विशेष नजर रखी जाएगी।
इसके लिए बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग उप्र में ट्रैकिंग व्यवस्था लागू कर रहा है। खंड शिक्षाधिकारी सर्वेश कुमार ने बताया कि परिषदीय और माध्यमिक स्कूलों में अपनी कक्षा से लंबे समय तक गायब रहने वाले छात्र की सूचना संबंधित अधिकारियों को मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि यदि कोई भी छात्र नामांकन कराने के बाद स्कूल आना बंद करेगा, तो इसकी जानकारी प्रधान अध्यापक, ग्राम प्रधान, खंड शिक्षाधिकारी के साथ ही बीएसए व डीआईओएस तक पहुंचाई जाएगी।