हापुड़। राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026 की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए छात्रों को एक और मौका मिला है। राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद की ओर से पांचवें चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके तहत अभ्यर्थी छह अक्तूबर से 11 अक्तूबर की रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इस चरण में पहले के चरणों में चयन से वंचित रहे अभ्यर्थियों के साथ नए आवेदनकर्ता भी शामिल हो सकेंगे। राजकीय आईटीआई में पहले, दूसरे और तीसरे चरण में आवेदन करने के बावजूद चयनित नहीं हुए छात्रों तथा चयन होने के बाद किसी कारण प्रवेश न ले पाने वाले अभ्यर्थियों को भी नए विकल्प दर्ज करने का अवसर दिया गया है। राजकीय संस्थान में प्रवेश लेने के बाद नाम कटवा चुके अभ्यर्थी भी प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
पहले से पंजीकृत अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान इच्छित जनपद, संस्थान और उपलब्ध व्यवसाय का विकल्प दोबारा दर्ज करना होगा। विकल्प अपडेट नहीं करने पर उन्हें पूर्व में दिए गए विकल्पों के आधार पर सीट आवंटन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
नए अभ्यर्थी परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध पांचवें चरण के आवेदन लिंक के माध्यम से फार्म भर सकेंगे। आवेदन के बाद ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा। सामान्य और पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए 250 रुपये तथा सभी महिला अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। शुल्क का भुगतान डेबिट या क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग और यूपीआई से किया जा सकेगा।
राजकीय आईटीआई के नोडल प्रधानाचार्य नीरज कुमार ने बताया कि अभ्यर्थी रिक्त सीटों की जानकारी संबंधित राजकीय या निजी आईटीआई से प्राप्त कर सकते हैं। संस्थानों को भी रिक्त सीटों का विवरण सूचना पट पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।