नायाब कारनामा कर बिजली से चलने वाली जेसीबी मशीन बनाने वाला छात्र पीएम और सीएम से मिलकर इस तकनीकी को विकसित कराने की तमन्ना लिए हुए है। उसके इस आविष्कार से जेसीबी का काम बेहद सस्ता हो जाएगा और प्रदूषण नियंत्रित होगा।
गंगा की बाढ़ से प्रभावित गांव नयाबांस में मजदूर मुकुट लाल के 15 वर्षीय बेटे मनवीर ने जेूसीबी संचालन की नई तकनीक विकसित की है। गढ़ के राम मनोहर लोहिया इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की पढ़ाई कर रहे मनवीर के दिल कुछ नया कर दिखाने की धुन सवार थी।
मनवीर ने बिजली से संचालित होने वाली जेसीबी मशीन तैयार की है। इसमें कबाड़ हो जाने वाली इंजेक्शन की निडिल, लकड़ी, डीवीडी लैंस और बाइक की टाइमिंग चैन आदि का इस्तेमाल किया गया है।
अपनी धुन और कुशलता के बल पर बिजली से चलने वाली जेसीबी मशीन तैयार करने वाले मनवीर का कहना है कि वह पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम अखिलेश यादव से मिलना चाहता है। जिससे इस तकनीक को बड़े स्तर पर विकसित किया जा सके।
विज्ञान वर्ग से जुड़े होनहार छात्र मनवीर का कहना है कि बिजली से संचालित होने वाली जेसीबी मशीन तैयार होने से जहां खर्च में कटौती आनी तय है, वहीं डीजल-पेट्रोल के इस्तेमाल से फैलने वाले प्रदूषण पर भी नियंत्रण संभव हो जाएगा।
प्रदेश के मनोरंजन कर मंत्री और गढ़ के सपा विधायक मदन चौहान का कहना है कि होनहार छात्र मनवीर के इस कारनामे से क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि वे जल्द लखनऊ पहुंचकर इस विषय में सीएम को अवगत कराएंगे और टाइम तय होते ही छात्र को साथ लेकर उसकी सीएम से भेंट कराएंगे।